उम्र बढ़ेगी पर बर्थ-डे की तारीख आएगी 4 साल बाद

नई दिल्ली (तरुण सिसोदिया ) .किसी भी इंसान के जीवन में उसके जन्मदिन का खास महत्त्व होता है, लेकिन 29 फरवरी को जन्म लेने वालों के लिए जन्मदिन का विशेष महत्त्व हो जाता है क्योंकि चार साल के लंबे इंतजार के बाद उनके जन्म की तारीख आती है। अब यह तारीख 2024 में आएगी। यानी पूरे चार साल बाद। शनिवार को जन्म लेने वाले बच्चों के परिजनों के लिए खुशी का दिन तो था, लेकिन उनके सामने बड़ा सवाल था कि अब वह अपने बच्चे का जन्मदिन किस तरह मनाएंगे। ज्यादातर परिजन इस सवाल पर कन्फ्यूज दिखे, उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वह इसका क्या जवाब दें। लेडी हार्डिंग अस्पताल में स्त्री रोग विभाग के लेबर रूम के बाहर कुछ परिजन दिन बीतने की प्रार्थना भी करते दिखे।

तीन साल 28 को मनाएंगे जन्मदिन, चौथे साल 29 फरवरी को मनाएंगे

नेहरू नगर में रहने वाले संजय सिंह की पत्नी शशि ने शाम के वक्त बेटे को जन्म दिया। संजय ने कहा कि 29 फरवरी को जन्म से थोड़ी दिक्कत तो जरूर है, लेकिन मैंने इसका समाधान ढूंढ लिया है। आज फरवरी का आखिरी दिन है। इसलिए हर साल फरवरी के आखिरी दिन को जन्मदिन मनाएंगे। तीन साल 28 और एक साल 29 फरवरी को जन्मदिन मनाएंगे। जब भी 29 फरवरी आएगी, उस साल ग्रांड जन्मदिन होगा।

सभी दिन अच्छे, हम चार साल में एक बार धूमधाम से मनाएंगे जन्मदिन

प्रगति मैदान के जनता कैंप में रहने वाले ज्ञानदेव की पत्नी डॉली ने सुबह 06:30 बजे बेटे को जन्म दिया। उन्होंने कहा कि मैं और मेरा परिवार बहुत खुश हंै। मेरा परिवार पूरा हो गया। मेरी एक बेटी है और बेटा भी हो गया। जन्मदिन की बात पर ज्ञानदेव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई का जन्म भी 29 फरवरी को हुआ था। हमारे लिए सब दिन अच्छे हैं। हम चार साल में ही सही एक बार अच्छे से बेटे का जन्मदिन मनाएंगे।

पहली संतान के जन्म से खुश मगर कैसे मनाएंगे बर्थ डे समझ नहीं आ रहा

भोगल इलाके में रहने वाले राकेश कुमार की पत्नी नवीता ने रात 00:35 पर बेटे को जन्म दिया। राकेश की यह पहली संतान है। वह और उसके तमाम परिजन बेटे के जन्म से बेहद खुश हैं। अस्पताल में ही उन्होंने जश्न भी मना लिया। इलाके बेटे का जन्मदिन मनाने के बारे में जब उनसे सवाल किया तो उनके पास इसका जवाब नहीं था। सोचने लगे कि क्या जवाब दें। अंत में उन्होंने कहा कि इस बारे में मैंने सोचा ही नहीं था, लेकिन कुछ न कुछ रास्ता तो जरूर निकालना पड़ेगा।

पूर्व पीएम मोरारजी देसाई सहित कई हस्तियों का 29 फरवरी को जन्मदिन

29 फरवरी को जन्म लेने वाले मशहूर लोगों में पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई, अभिनेता या अभिनेत्रियों में भारतीय अभिनेत्री वर्षा उसगांवकर, डैनिस फैरिना जारूल, केन फोरे, शॉल विलियम्स, फिलिस फ्रेलिस (अमेरिका), ऐलैक्स रौको, एंटोनियो सबैटो जूनियर (इटली), फ्रैंक वुडले, जोनाथन कोलमैन (ऑस्ट्रेलिया), जॉस ऑकलैंड, वेंडी पीटर्स इंग्लैंड, नॉको इलिजीमा (जापान), मिशेल मार्गन, (फ्रांस) शामिल हैं। जाने माने खिलाड़ियों में भारतीय खिलाड़ी एडम सिंक्लेयर, कनाडा के खिलाड़ी कैम वार्ड, हेनरी रिचर्ड, लैडन बायर्स, सिमौन गैगने, बॉबी सैनग्यूनएटी, अमेरिका शामिल हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
नेहरू नगर में रहने वाले संजय सिंह की पत्नी शशि ने शाम के वक्त बेटे को जन्म दिया।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Ib5YdK

Comments