कस्तूरबा गांधी अस्पताल की महिला डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव, नर्स समेत 20 स्वास्थ्यकर्मी क्वारैंटाइन में

नॉर्थ एमसीडी के मेटरनिटी अस्पताल कस्तूरबा गांधी के स्त्री रोग विभाग में काम करने वाली महिला डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव आई है। डॉक्टर की जांच रिपोर्ट मंगलवार देर शाम आई थी, जिसके बारे प्रशासन को बुधवार सुबह पता चला। डॉक्टर के कोरोना पॉजिटिव आने के बारे में पता चलने पर अस्पताल में हड़कंप मच गया। इतना ही नहीं अस्पताल में इसकी वजह से किसी का इलाज भी नहीं हुआ।

महिला डॉक्टर के कोरोना पॉजिटिव आने के बारे में बताते हुए नॉर्थ एमसीडी की ओर से जानकारी दी गई कि 21 अप्रैल को अस्पताल में काम करते हुए अचानक डॉक्टर की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद वह छुट्‌टी लेकर अपने घर चली गई। उसने लोकनायक अस्पताल में अपनी जांच कराई तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब वह घर में क्वारेंटाइन है।

डॉक्टर के कॉन्टेक्ट में आए डॉक्टर, नर्स और अन्य कर्मचारियों को क्वारेंटाइन करने के आर्डर दिए गए हैं। जल्द ही इनके टेस्ट कराए जाएंगे। इसके अलावा अस्पताल सेनिटाइज कराया गया है। अस्पताल में डॉक्टर के कोरोना होने का पता चलने पर हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि हिंदूराव में एक नर्स और आरबीटीबी में एक आया भी कोरोना पॉजिटिव आ चुकी हैं। बावजूद इसके नॉर्थ एमसीडी के अस्पतालों में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है।

लेडी हार्डिंग में एक और डॉक्टर को कोरोना इंफेक्शन, सफदरजंग का स्किन डिपार्टमेंट बंद

केंद्र सरकार के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के कोरोना इंफेक्टिड होने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। अब यहां के एक और डॉक्टर में कोरोना इंफेक्शन की पुष्टि हुई है। वहीं सफदरजंग अस्पताल के स्किन डिपार्टमेंट में कार्यरत डॉक्टर को कोरोना इंफेक्शन होने की वजह से इसे बंद करने का फैसला किया है। इसे 48 घंटे तक बंद रखा जाएगा। इस दौरान इसे सेनिटाइज किया जाएगा। लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के कलावती सरन अस्पताल में काम करने वाले एक और डॉक्टर को कोरोना इंफेक्शन की पुष्टि होने के बाद उसे अस्पताल के कोरोना वार्ड में शिफ्ट किया गया है।

यह डॉक्टर अस्पताल के पीडियाट्रिक विभाग में तैनात था। अब तक अस्पताल में कुल 16 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना इंफेक्शन की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7 डॉक्टर शामिल हैं। यहां कोरोना से एक डेढ़ माह के बच्चे की मौत भी हो चुकी है। सफदरजंग अस्पताल में स्किन डिपार्टमेंट का एक डॉक्टर कोरोना की चपेट में आ गया था। इसकी पुष्टि मंगलवार को हुई थी। डॉक्टर की रिपोर्ट आने के बाद डिपार्टमेंट बंद करने का फैसला किया गया। मंगलवार को अस्पताल के तीन डॉक्टर और एक अन्य कर्मचारी में कोरोना इंफेक्शन की पुष्टि हुई थी। यहां अब तक 10 डॉक्टर और 2 अन्य कर्मचारियों में कोरोना इंफेक्शन हो चुका है।

जिम्मेदार बोलीं- 27 अप्रैल को डॉक्टर जांच कराने आई थी फिर घर चली गई थी

कोरोना पॉजिटिव डॉक्टर के बारे में बताया जा रहा है कि 21 अप्रैल को तेज बुखार आने के बाद महिला डॉक्टर 5 दिन की छुट्टी पर चली गई। मगर बिना टेस्ट के वापस आ गई। वह 27 अप्रैल को अस्पताल आई और कई डॉक्टरों से मिली। मरीजों के पास भी गई। किसी ने उसे टेस्ट कराने के लिए कहा तो टेस्ट कराया, जिसमें वह पॉजिटिव आई। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि महिला डॉक्टर के खुलेआम अस्पताल में घूमने से बहुत से डॉक्टर, अन्य स्टाफ और मरीजों में इंफेक्शन आया होगा। इस पर अस्पताल की मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. संगीता नागिया ने बताया कि अस्पताल बंद नहीं हुआ था। मरीजों का इलाज हुआ है। हां अस्पताल सेनिटाइज करने के बाद मरीजों को देखा गया, जोकि जरूरी था वर्ना दूसरे लोग इंफेक्टिड हो सकते थे। इसके अलावा डॉक्टर 27 तारीख को खुद का चेकअप कराने के लिए आई, कोरोना की जांच कराई और वापस घर चली गई।

बड़ा सवाल: आखिर कैसे हुआ महिला डॉक्टर में संक्रमण
कस्तूरबा मेटरनिटी अस्पताल है, यहां कोरोना का आइसोलेशन वार्ड जरूर है लेकिन उसका इलाज नहीं होता। ऐसे में सवाल खड़े होते हैं कि डॉक्टर को कोरोना संक्रमण कैसे हो गया। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मरीज जिनमें कोरोना के लक्षण होते हैं उनके बारे में तो पता चल जाता है लेकिन अब बिना लक्ष्ण वाले कोरोना पॉजिटिव मरीज भी आ रहे हैं। कस्तूरबा अस्पताल पुरानी दिल्ली इलाके में आता है। यहीं कंटेनमेंट जोन चांदनी महल है। अस्पताल में इसी इलाके की महिलाएं ज्यादा इलाज के लिए आती हैं। इसी इलाके से कई जमाती मिले थे। ऐसे में यह हो सकता है कि कोई महिला संक्रमित हो जिससे इलाज के दौरान महिला डॉक्टर को संक्रमण हो गया।

बाबू जगजीवन और अांबेडकर अस्पताल में ज्यादा इंफेक्शन
बाबू जगजीवन व अांबेडकर अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों में कोरोना का ज्यादा इंफेक्शन हुआ है। बाबू जगजीवन राम अस्पताल में 75 व अांबेडकर अस्पताल में 35 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। मैक्स पटपड़गंज में 33 स्वास्थ्यकर्मियों में कोरोना इंफेक्शन की भी पुष्टि हुई है। इधर, नॉर्थ एमसीडी के हिंदूराव अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव आई नर्स के संपर्क में आए 76 की पहचान कर ली गई। वहीं आरबीटीबी में कोरोना पॉजिटिव आया के नजदीक संपर्क में आने वाले चार का सैंपल बुधवार को लिया गया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
महिला डॉक्टर की कोरोना रिपोर्ट मंगलवार रात में आई थी पॉजिटिव


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3f2c6Ew

Comments