मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट करके दी जानकारी, दो हॉटस्पॉट बने ग्रीन जोन

दिल्ली में अब कोरोना हॉटस्पॉट कंटेनमेंट जोन की संख्या 100 से घटकर 98 रह गई है। गुरुवार को कोई नया कंटेनमेंट जोन नहीं बना और पहले से बने पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेस-एक स्थित वर्धमान अपार्टमेंट और दक्षिण पूर्वी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश के ई ब्लॉक को डी-कंटेनमेंट जोन में तब्दील करके ग्रीन जोन बना दिया गया। वर्धमान अपार्टमेंट 2 अप्रैल कंटेनमेंट जोन में तब्दील किया गया था जिसमें 102 फ्लैट्स हैं।

यहां प्रशासन ने 213 लोगों को स्क्रीन या टेस्ट किया जिसमें सबकी रिपोर्ट निगेटिव आई। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वर्धमान अपार्टमेंट में कोई नया केस नहीं आने और डि-कंटेनमेंट जोन बनाए जाने की जानकारी ट्वीट करके दी। तर्क दिया गया यहां भी ऑपरेशन शील्ड को सफलता मिली है। 16 अप्रैल को मरीज गुड़गांव के अस्पताल से डिस्चार्ज भी हो गया था लेकिन दिशा निर्देशों को पूरा करने के लिए 30 अप्रैल को यहां के अतिरिक्त बंधन को खत्म किया गया।

साउथ ईस्ट दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश के ई ब्लॉक में ई-284 से ई 294 तक कंटेनमेंट जोन 12 अप्रैल को बनाया गया था। यहां भी कोई नया केस नहीं आया जिसकी वजह से अब इस जोन को डि-कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है। दिल्ली में सबसे पहले पूर्वी दिल्ली के मनसारा अपार्टमेंट को ग्रीन जोन में तब्दील किया गया था। अब दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 98 बची है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2yXu9LG

Comments