डीसी व सीपी के आदेश पर मार्केट में दुकानें खुलीं, दोपहर में निगम की टीम पहुंची और दुकानों को करा दिया बंद, दुकानदारों में आक्रोश
लॉकडाउन में मिली छूट के बाद दुकानें खोलने को लेकर फरीदाबाद में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस में तालमेल न होने से दुकानदार और पब्लिक परेशान हैं। डीसी व पुलिस कमिश्नर के आदेश पर जरूरी सामान की दुकानें जैसे दूध, सब्जी, इलेक्ट्रानिक्स, किराना आदि की दुकानें खोली गईं लेकिन रविवार को नगर निगम की टीमों ने बाजारों में पहुंचकर सभी दुकानों काे बंद करा दिया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष जगदीश भाटिया और हरियाणा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राम जुनेजा का कहना है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए वह दवा और जरूरी सामान को छोड़कर अन्य सभी दुकानें खोलने के पक्ष में नहीं हैं। फिर भी गर्मी के दिनों में एसी, कूलर व पंखे की जरूरत है। इसलिए इन्हें खोलने की अनुमति देनी चाहिए। इस बारे में सोमवार को डीसी से बात कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह का कहना है कि सीपी ने जो पहले आदेश दिया था वही सही है। इसमें कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। निगम कमिश्नर डॉ. यश गर्ग का कहना है कि इलेक्ट्रिकल व किताबों की दुकानें खुल सकती हैं। लेकिन जिला प्रशासन अभी इस पर निर्णय नहीं ले पाया है।
डीसी ने कहा-जरूरी सामान की दुकानें खुलेंगी
डीसी यशपाल यादव ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा था कि ग्रामीण क्षेत्रों में मॉल और मार्केट कांप्लेक्स छोड़कर सभी प्रकार की दुकानें खाेलने की अनुमति है। शहरी क्षेत्र में आवश्यक सेवाओं जैसे दूध, सब्जी, इलेक्ट्रानिक्स जिसमें एसी, पंखे व कूलर, किसानों के ट्रैक्टर के पार्ट्स की दुकानें, पंचर की दुकानें, दवा, किराना आदि खुली रहेंगी। इनकी कोई समय सीमा भी नहीं होगी। पुलिस कमिश्नर केके राव ने भी सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ऐसी दुकानें खोलने का आदेश दिया था। सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि वह मार्केट में दुकानें खुलवाएं।
रविवार सुबह खुली दुकानें, दोपहर में बंद कराईं
रविवार सुबह बल्लभगढ़, ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी एक, दो, तीन, पांच, सराय आदि में दुकानदारों ने इलेक्ट्रानिक्स की दुकानें खोल दीं। इसके अलावा दवा, किराना व पंचर की दुकानें भी खुल गईं। अचानक दोपहर में नगर निगम के तोड़फोड़ विभाग की टीमें बाजारों में पहुंचकर सभी दुकानों को बंद करा दिया। नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों से कहा कि उनके पास ऐसा कोई आदेश नहीं है कि इलेक्ट्रॉनिक्स व पंचर आदि की दुकानें खुलेंगी। देखते ही देखते निगम की टीमों ने बाजारों में सभी दुकानें बंद करा दीं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aGzKDl
Comments
Post a Comment