कोरोना मरीज 3515, 24 घंटे में 76 नए मरीजों की पुष्टि 3 लोगों की मौत

दिल्ली में कोरोना मरीजों का आंकड़ा साढ़े तीन हजार के पार पहुंच गया है। 24 घंटे में 76 नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। इस दौरान तीन मरीजों की मौत भी हो गई। मौत का अंकड़ा बढ़कर 59 पहुंच गया है।
कोरोना के संबंध दिल्ली सरकार की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार तक दिल्ली में 1094 मरीज ठीक हुए। 24 घंटे में सिर्फ 2 मरीज ही ठीक हुए। कोरोना से मौत 59 हैं। एक्टिव केसों की तादाद 2362 है। कुल 3515 मरीजों में से 2352 की उम्र 50 साल से कम है। 612 की उम्र 60 और उससे ज्यादा है, जबकि 551 की उम्र 50-59 साल के बीच है। रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना से मरने वाले 59 में से 51 पहले से बीमार थे। सरकार ने कोरोना की मृत्यु दर 1.68 फीसदी बताई है।

इसमें से 5.06 फीसदी 60 और उससे ज्यादा उम्र के हैं। 3.27 फीसदी 50-59 साल के हैं। 0.43 फीसदी 50 और उससे कम उम्र के हैं। दिल्ली के अस्पतालों में कुल 825 कोरोना मरीज भर्ती हैं। इनमें से आईसीयू में 53 और वेंटिलेटर पर 5 मरीज हैं। सबसे ज्यादा लोकनायक में 276 मरीज भर्ती हैं। कोरोना केयर सेंटर में 1022 भर्ती हैं। इनमें सबसे ज्यादा नरेला में 473 हैं। यहीं मरकज के लोगों को भी रखा गया है। दिल्ली में 100 कंटेनमेंट जोन हैं। इनमें 6972 के सैंपल जांच के लिए लिए हैं। अभी तक यहां 381 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कंटेनमेंट जोन में 5 लाख से ज्यादा को कवर किया हुआ है।

इधर, जीबी पंत अस्पताल का डॉक्टर भी कोरोना पॉजिटिव, रिपोर्ट आने तक करता रहा ड्यूटी

जीबी पंत अस्पताल का एक डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव आया है। इससे पहले अस्पताल की नर्स भी कोरोना पॉजिटिव आ चुकी है। गेस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग के डॉक्टर के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद डॉक्टर के संपर्क में आए सभी डॉक्टर की लिस्ट बनाकर प्रशासन को भेज दी गई है। इनकी कोरोना जांच कराने के लिए भी कहा है। डॉक्टर ने जहां ड्यूटी की थी उसे भी सेनेटाइज करने के लिए विभाग प्रमुख ने प्रशासन को लिखा है। डॉक्टर के बारे में बताया जा रहा है कि उसे करीब एक सप्ताह से सांस लेने में परेशानी हो रही थी।

इसके बाद 27 अप्रैल को उसका टेस्ट हुआ, जिसकी रिपोर्ट गुरुवार को आई जिसमें वह पॉजिटिव था। डॉक्टर कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने तक ड्यूटी करता रहा। प्रशासन की इस लापरवाही पर अस्पताल की नर्स एसोसिएशन ने सवाल खड़े किए हैं। एसोसिएशन ने अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर को चिट्‌ठी लिख कर्मचारियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। नर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष लीलाधर रामचंदानी ने कहा कि यह लापरवाही है।

एम्स में रोगी सहायक समेत 4 कोरोना पॉजिटिव
एम्स में गुरुवार को एक रोगी सहायक समेत 4 कर्मचारियों को कोरोना इंफेक्शन की पुष्टि हुई। इन्हें मिलाकर अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव कर्मचारियों की तादाद 20 पहुंच गई है। इसमें एक डॉक्टर और 8 सुरक्षाकर्मी हैं। हिंदूराव अस्पताल में एक और नर्स कोरोना पॉजिटिव आई है। नर्स की रिपोर्ट गुरुवार को आई थी। अभी 42 कर्मचारियों की रिपोर्ट आनी बाकी है। पटपड़गंज स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी चेस्ट अस्पताल में पल्मोनोलॉजी विभाग के डॉक्टर में कोरोना इंफेक्शन की पुष्टि हुई है। अस्पताल ने डॉक्टर के संपर्क में आए कर्मचारियों की लिस्ट बनानी शुरू कर दी है।

आंबेडकर अस्पताल बंद कर सभी कर्मचारियों की कोरोना जांच की मांग

आंबेडकर अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों के तेजी से कोरोना पॉजिटिव आने के कारण अस्पताल को तुरंत बंद कर सभी कर्मचारियों का टेस्ट कराने की मांग मुख्यमंत्री केजरीवाल से की गई है। फेडरेशन ऑफ दिल्ली नर्सेस की ओर से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लिखी चिट्‌ठी में कहा गया है कि अस्पताल में गुरुवार तक 50 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। अस्पताल में और संक्रमण फैलने का खतरा है। अन्य कर्मचारियों में डर का माहौल है। इसलिए अस्पताल को बंद कर सभी कर्मचारियों की जांच कराई जाए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
जीबी पंत अस्पताल का डॉक्टर भी कोरोना पॉजिटिव, रिपोर्ट आने तक करता रहा ड्यूटी


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3bWgao2

Comments