कंटेनमेंट जोन के 3 किमी. के दायरे में फ्लू सर्वे शुरू, 260 टीमें जुटा रही जानकारी

कोरोना वायरस की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने और सतर्कता बढ़ा दी है। अब जिले में घोषित 12 कंटेनमेंट जोन के 3 किलोमीटर के दायरे में आने वाले क्षेत्रों में फ्लू सर्वे शुरू किया गया है। इसके लिए 260 टीमें गठित की गई हैं। इसमें एक आशा और एक आंगनवाड़ी वर्कर को शामिल किया गया है। ये डाेर टू डोर जाकर सर्दी, खांसी, बुखार, गले में इंफेक्शन आदि के मरीजों की तलाश कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार इससे शहर में कोरोना संदिग्धों की पहचान करने में आसानी होगी। इससे शहर में कोरोना की चेन को खत्म करने में आसानी होगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में पहले 13 कंटेनमेंट जोन घोषित थे। लेकिन जिला प्रशासन ने सेक्टर-3 को कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया है।

इसके बाद अब जिले में 12 जोन हैं। इनमें सेक्टर-11, सेक्टर-37, सेक्टर-28, गांव बड़खल, एसी नगर, सेक्टर-16, ग्रीन फील्ड कॉलोनी, खोरी गांव, फतेहपुर तगा, चांदपुर अरुआ, मोहना, रन्हेड़ा शामिल हैं। यहां अभी तक करीब 40 हजार घरों में रह रहे करीब 1.86 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इसमें से 227 लोगों में सर्दी, खांसी, बुखार, गले में इंफेक्शन आदि की समस्या पाई गई। सभी के सैंपल लिए गए। इनकी जांच रिपोर्ट में सेक्टर-28 निवासी एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। अधिकारियों के अनुसार अब जिला प्रशासन के आदेश पर निर्धारित कंटेनमेंट जोन के 3 किलोमीटर के दायरे में आने वाले क्षेत्रों में सर्वे शुरू किया गया है।

कंटेनमेंट जोन में आशा वर्कर रोज 800 से 900 घरों का कर रहीं सर्वे

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार घोषित कंटेनमेंट जोन में से सबसे ज्यादा बड़खल गांव में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मामले आए। पॉजिटिव आए अधिकांश जमाती थे। इनमें से अधिकांश अब स्वस्थ हो चुके हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर ग्रीन फील्ड कालोनी से मरीज आए। इसलिए अब सभी 12 कंटेनमेंट जोन में मरीजों की संख्या न बढ़े, इसलिए रोज लोगों की स्क्रीनिंग हो रही है। आशा वर्कर रोज सभी जोन में 800 से 900 घरों का सर्वे कर रही हैं। इस दौरान ये सर्दी, खांसी, बुखार आदि मरीजों की तलाश कर रही हैं।

जिले में हुई 6.34 लाख लोगों की स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ डॉ. रमेश के अनुसार कंटेनमेंट जोन के अलावा जिले में 6 लाख 34 हजार 669 लोगों का सर्वे किया गया। इसमें से 1602 लोगों में सर्दी, खांसी, बुखार आदि की समस्या पाई गई। इनमें से 118 लोगों को संदिग्ध मानते हुए उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। सभी के सैंपल निगेटिव आए।इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली। अभी आशा वर्कर जिले में रोज 26 हजार घरों में सर्वे कर रही है।

क्या कहते हैं अधिकारी
कंटेनमेंट जोन के 3 किलोमीटर के दायरे में आने वाले क्षेत्रों में भी सर्वे शुरू किया गया है। इसके लिए 260 टीमें गठित की गई हैं। टीम के सदस्य निर्धारित क्षेत्राें में जाकर सर्दी, खांसी, बुखार पीड़ितों की जानकारी जुटाएंगे।-डॉ. गीता पालिया, डिप्टी सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
3 km of Containment Zone. Flu survey started within the scope of 260 teams gathering information


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2S67G5R

Comments