गैस सिलेंडर कैसे मिलेगा, राशनकार्ड कैसे बनवाएं, मोबाइल चार्जर खराब हो गया है; मकान का काम अधूरा है, लेबर मंगवाने पर कार्रवाई तो नहीं होगी

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लॉकडाउन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर 0129- 2415623, 8882616056 पर लोग अजब-गजब प्रश्न पूछ रहे हैं। कोई फोन कर पूछ रहा है कि साहब गैस सिलेंडर कब मिलेगा तो कोई पूछ रहा है कि मेरे मोबाइल फोन का चार्जर खराब हो गया है। लॉकडाउन में दुकानें बंद हैं, इसलिए वह इसकी व्यवस्था करा दें। एक व्यक्ति ने पूछा कि राशन कार्ड नहीं है, इसलिए राशन नहीं मिल रहा। राशन कार्ड के लिए क्या करना पड़ेगा। आप उसे बनवा दें। कोई कह रहा है मकान का काम अधूरा पड़़ा है, लेबर मंगवाने पर कोई कार्रवाई तो नहीं होगी। यही नहीं कुछ कॉल दूसरे जिलों से भी आ रही हैं। गेहूं खरीद की जानकारी के लिए लोग फोन कर रहे हैं। कुछ लोग यह पूछ रहे हैं कि दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच कैसे कराई जाए। हालांकि हेल्थ कर्मी सभी को उचित जवाब दे रहे हैं। लोगों को संबंधित विभागों से बात करने की सलाह दे रहे हैं।

रोज आ रहीं 200 से अधिक कॉल

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीके अस्पताल स्थित इस हेल्पलाइन नंबर 0129- 2415623, 8882616056 पर रोज 200 से अधिक कॉल आ रही हैं। हेल्प लाइन नंबर लोगों की स्वास्थ्य सुविधा के लिए जारी किया गया है। इस पर लोग सर्दी, खांसी, बुखार आदि से संबंधित जानकारी के साथ कोई दूसरे देश, जिले व राज्यों से आ रहा है तो उसकी सूचना देने के लिए हैं। लेकिन लोग इस नंबर पर अजब-गजब के सवाल कर रहे हैं। हालांकि इस हेल्प लाइन नंबर पर कॉल आने के बाद लोगों को हरसंभव मदद दी जा रही है।

राशन की सबसे ज्यादा आती हैं कॉल
कोरोना के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में कार्यरत कर्मचारियों के अनुसार उक्त हेल्पलाइन नंबर पर सबसे ज्यादा कॉल राशन से संबंधित आती हैं। इस पर काल देर रात तक आती रहती हैं। लोग प्रश्न पूछते हैं कि उन्हें कब राशन दिया जाएगा।

क्या कहते हैं अधिकारी
कंट्रोल रूम में रोजाना जो कॉल आती है, उसमें स्वास्थ्य संबंधित कम, राशन व अन्य प्रश्न ज्यादा पूछे जा रहे हैं। कंट्रोल रूम में रोज 200 से अधिक कॉल आ रहे हैं। दूसरे मदों में पूछे गए सवालों का भी समुचित जवाब दिया जा रहा है।-डॉ. संजीव भगत, डिप्टी सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
बीके अस्पताल में बनाया गया कोरोना कंट्रोल रूम। यहां लोग काल कर अजीबोगरीब सवाल पूछ रहे हैं।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35crJVl

Comments