फरीदाबाद-दिल्ली बॉर्डर फिर सील, बिना मूवमेंट पास के अब फरीदाबाद में एंट्री नहीं, लोग लौटाए गए वापस

फरीदाबाद में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या काे देखते हुए एक बार फिर दिल्ली-फरीदाबाद बाॅर्डर सील कर दिया गया है। सिर्फ जरूरी सामान की सप्लाई कराने वाले और मूवमेंट पास धारकों को ही अंदर आने की अनुमति है। इससे लोगों की एक बार फिर मुश्किलें बढ़ गई हैं। यहां तक कि दिल्ली से फरीदाबाद की ओर पैदल आने वालों पर भी रोक लगा दी गई है। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं गृहमंत्री अनिल विज के आदेश पर गुरुवार देर रात से बॉर्डर दोबारा सील कर दिए गए। शुक्रवार को जब लोगों ने दिल्ली से फरीदाबाद आने का प्रयास किया तो उन्हें बॉर्डर पर ही रोककर वापस भेज दिया गया। बॉर्डर पर पूरे दिन अफरा तफरी का माहौल रहा।

सरकार के आदेश पर सील किए गए बॉर्डर
दिल्ली से लगते फरीदाबाद और गुड़गांव में कोरोना मरीजों की संख्या में दिनोंदिन बढ़ोतरी हो रही है। गुड़गांव में आंकड़ा 400 के पार और फरीदाबाद में 300 के करीब पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का मानना है कि फरीदाबाद और गुड़गांव जिले दिल्ली से लगे हुए हैं। रोज लोगों का बड़ी संख्या में दिल्ली आना-जाना हो रहा है। वहां से संक्रमित होने के कारण इन जिलों में संक्रमण बढ़ रहा है। उन्होंने गुरुवार देर रात ही बॉर्डर सील करने का आदेश दे दिया। शुक्रवार से दिल्ली से फरीदाबाद की ओर आने वाले लोगों पर रोक लगा दी गई।

लोग दिनभर बॉर्डर पर भटकते रह है
बॉर्डर पर लगे पुलिसकर्मी सिर्फ उन्हीं पैदल यात्रियों को आने दे रहे थे जिनके पास फरीदाबाद का आधार कार्ड था। या फिर वह फरीदाबाद के रहने वाले हैं। जो लोग दिल्ली से फरीदाबाद में नौकरी करने या फिर किसी काम से आ रहे थे और उनके पास मूवमेंट नहीं था तो उन्हें भी आने की अनुमति नहीं थी। लोग दिनभर सामान लेकर बॉर्डर पर भटकते रहे लेकिन वह फरीदाबाद की सीमा में घुस नहीं पाए। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह का कहना है कि जिसके पास मूवमेंट पास होगा वही व्यक्ति फरीदाबाद में आ सकेगा।

वाहन चालक व पैदल यात्री वापस भेजे गए
शुक्रवार सुबह से ही फरीदाबाद पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी थी। बदरपुर बॉर्डर, सूरजकुंड के प्रह्लादपुर और बाइपास रोड पर दिल्ली सीमा काे सील कर दिया गया। फरीदाबाद में उन्हीं लोगों को आने की अनुमति थी जो आवश्यक सेवाओं से जुड़े हैं या फिर जिन पर फरीदाबाद का मूवमेंट पास बना है। बॉर्डर सील होनें से फरीदाबाद से दिल्ली जाने वालों की भी परेशानी बढ़ गई। लोगों को सामान लेकर करीब 500 मीटर तक पैदल जाकर दिल्ली की सीमा से जाकर ऑटाे व बस पकड़नी पड़ रही थी। दिनभर हजारों वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को फरीदाबाद में घुसने नहीं दिया गया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फरीदाबाद. यात्रियांे को फरीदाबाद में आने से रोकती पुलिस।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2zBBLnQ

Comments